समाचार | 04.09.2010 | 01:00 UTC
आईसीसी ने कहा, पाक क्रिकटरों के खिलाफ पक्के सबूत हैं
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चीफ एक्जीक्यूटिव ने कहा है कि पाकिस्तान के तीन क्रिकेटरों पर आरोप तय करने के लिए उनके खिलाफ पक्के सबूत हैं. पूरे मामले पर हारून लोर्गाट ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि पाकिस्तान इसे अपने क्रिकेटरों के खिलाफ साजिश मान कर चल रह रहा है. लोर्गाट के मुताबिक आईसीसी ने पाकिस्तान को इस संकट के दौरान पूरा सहयोग दिया है. लोर्गाट ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ कोई साजिश नहीं है. स्कॉटलैंड यार्ड ने मोहम्मद आमेर से उनके वकील की मौजूदगी में इस मामले मे पूछताछ की है. वहीं ब्रिटेन में पाकिस्तान के राजदूत वाजिद शमसुल हसन ने आईसीसी पर आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार के मामले में तीन खिलाड़ियों को निलंबित कर एक तबके को खुश करने की कोशिश की जा रही है. शमसुल हसन ने तीनों क्रिकेटरों को मासूम और निर्दोष बताया है.













