ख़ास ख़बर | 03.07.2009
नहीं बढ़ेगा रेल किराया
दुनिया के सबसे लंबे रेल तंत्र की मंत्री ममता बनर्जी ने भारत में 12 नॉन स्टॉप इंटरसिटी एक्सप्रेस रेलगाड़ियां शुरू करने का एलान किया. ये सभी एयर कंडीशन होंगी. इसके अलावा बड़े शहरों और इसके आस पास भीड़ भाड़ के वक्त में महिलाओं के लिए स्पेशल मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी. किसी भी श्रेणी का किराया नहीं बढ़ाया गया है.
रेल टिकट कटाने में होने वाली मुश्किलों
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift: रेल मंत्री ममता बनर्जीको देखते हुए डाक घरों में टिकट बेचने की सुविधा शुरू की जाएगी. देश भर के 5000 डाक घरों से ट्रेन का टिकट ख़रीदा जा सकेगा. जबकि तत्काल स्कीम को भी बदल दिया गया है. फ़िलहाल तत्काल टिकट ट्रेन छूटने से पांच दिन पहले कटाया जा सकता है लेकिन अब इसे सिर्फ़ दो दिन पहले ही कटाया जा सकेगा.
ममता बनर्जी ने आर्थिक रूप से पिछड़ों के लिए विशेष 'इज़्ज़त स्कीम' का एलान किया. इसके तहत 1500 रुपये या इससे कम कमाने वाले लोगों को सिर्फ़ 25 रुपये क़ीमत पर महीने भर का रेल पास दिया जाएगा. यह पास 100 किलोमीटर तक के सफ़र के लिए वैलिड होगा.
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने संसद में 15वां रेल बजट पेश करते हुए कहा कि रेल सुविधाएं बढ़ाने पर ख़ास ख़्याल रखा जाएगा. ममता ने आम आदमी के लिए रेल बजट पेश किया और कहा कि भारत के लोगों को अब बेहतर रेल और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
रेल मंत्री ने भारत के 50 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास का बनाने का एलान किया. इन सभी जगहों पर आधुनिक कंप्लेक्स बनाए जाएंगे, जहां कई तरह की सुविधाएं होंगी. ममता बनर्जी ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों पर डॉक्टरों की सुविधा होगी. इसके अलावा 375 दूसरे स्टेशनों पर भी ख़ास सुविधाएं दी जाएंगी.
ममता ने छात्रों के लिए रियायत बढ़ाने का एलान किया और कहा कि उनके पास को और आसान बनाया जाएगा. मुसाफ़िरों की सुविधा बढ़ाने के लिए 1000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की रक़म ख़र्च की जाएगी. युवाओं के लिए युवा एक्सप्रेस भी शुरू की जाएगी.
रिपोर्टः एजेंसियां/ए जमाल
संपादनः आभा मोंढे





















