ख़ास ख़बर | 04.07.2009
उत्तर कोरिया ने 6 मिसाइलें टेस्ट की
उत्तर कोरिया ने शनिवार को उसके पूर्वी तट से छह मिसाइलों का परीक्षण किया. यह जानकारी दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने दी.
400-500 किलोमीटर दूरी तक मार करने वाली ये मिसाइलें बैलिस्टिक मिसाइलें थीं. दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहेप ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा है कि "यह उकसाने वाली कार्रवाई है".
जापान ने भी इन परीक्षणों की कड़ी आलोचना की है. जापान के मुख्य केबिनेट सचिव ताकियो कावामुरा ने कहा कि "ये जापान सहित सभी पड़ोसी देशों की सुरक्षा के ख़िलाफ़ एक उकसाने वाली कार्रवाई है".
इसके पहले दक्षिण कोरिया के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ ने एक बयान में कहा, "आज सुबह उत्तर कोरिया ने दो मिसाइलें छोड़ी हैं." यह मिसाइलें स्थानीय समय के अनुसार सुबह आठ से साढ़े आठ बजे के बीच पूर्वी वॉनसान बंदरगाह से पूर्वी सागर (जापान के सागर) में दाग़ी गई हैं. बयान के मुताबिक़, "अमेरिका के साथ साझा रक्षा गठबंधन के आधार पर सेना उत्तर कोरिया की तरफ़ से पेश की जाने वाली किसी भी चुनौती या धमकी का सामना करने को तैयार है."
दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी योनहाप ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा है कि समझा जाता है ये स्कड मिसाइलें थीं जो 500 किलोमीटर तक मार कर सकती हैं. यानी दक्षिण कोरिया का ज़्यादातर हिस्सा इनके दायरे में आता है. उत्तर कोरिया ने गुरुवार को भी जापान के सागर में चार मिसाइलें दाग़ी थी लेकिन इनकी मारक दूरी 120 किलोमीटर होने का अनुमान है. अधिकारी ने बताया, "आज जिन स्कड मिसाइलों का परीक्षण हुआ है, उनकी मारक दूरी ज़्यादा है, इसलिए हमें उनसे ज़्यादा ख़तरा है. गुरुवार के परीक्षण संभवतः सैन्य अभ्यास का हिस्सा थे लेकिन आज के परीक्षण राजनीतिक मक़सद से किए गए हैं. ख़ासकर आज अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस है."
इस हफ़्ते होने वाले मिसाइल परीक्षणों से पहले उत्तर कोरिया 25 मई को परमाणु परीक्षण भी कर चुका है जिसके बाद 12 जून को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उसके ख़िलाफ़ प्रतिबंधों को और कड़ा कर दिया था.
रिपोर्टः एजेंसियां/ए कुमार/आभा मोंढे






















