खेल खिलाड़ी | 18.03.2010
प्रवीण कुमार ने ली हैट ट्रिक
बैंगलोर के कप्तान अनिल कुंबले ने प्रवीण कुमार को 17वें ओवर में दूसरे स्पेल में गेंद पकड़ाई. बस प्रवीण का जादू शुरू हो गया. उन्होंने पहले डैमियन मार्टिन, फिर सुमित नरवाल और फिर पारस डोगरा को लगातार तीन गेंदों में आउट कर दिया. इसके साथ ही वह हैट ट्रिक लेने वाले चुनिंदा गेंदबाज़ों की श्रेणी में शामिल हो गए.
दिल्ली डेयरडेविल्स के अमित मिश्रा, चेन्नई सुपर किंग्स के लक्ष्मीपति बालाजी और मखाया एंटिनी, किंग्स 11 पंजाब के युवराज सिंह (दो बार) और डेक्कन चार्जर्स के रोहित शर्मा ने इससे पहले आईपीएल में तिकड़ी ले रखी है. लेकिन प्रवीण कुमार 2010 के आईपीएल में हैट ट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज़ बने.
हालांकि प्रवीण ने ओवर की अच्छी शुरुआत नहीं की. उनकी पहली गेंद वाइड गई और दूसरी गेंद पर चौका जड़ा गया. लेकिन इसके बाद की लगातार तीन गेंदों पर प्रवीण को लगातार तीन विकेट मिले. उत्तर प्रदेश के गेंदबाज़ ने सबसे पहले ख़तरनाक यॉर्कर से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ मार्टिन की गिल्लियां बिखेरीं. इसके बाद नरवाल की बारी आई. उन्होंने प्रवीण कुमार के बाउंसर पर हुक तो कर दिया लेकिन लंबी दौड़ लगाते हुए मनीष पांडे ने बेहतरीन कैच लपका. एक बार को गेंद पांडे के हाथ से निकल भी गई पर उन्होंने इस पर किसी तरह क़ाबू कर लिया.
तीसरी गेंद पर डोगरा ग़च्चा खा गए. एक सीधी गेंद को वह मिस कर गए. गेंद गिल्लियां ले उड़ी और प्रवीण कुमार ख़ुद हवा में उड़ने लगे. उन्होंने एक बेहतरीन कामयाबी हासिल की. हालांकि इसके बाद भी वह मैन ऑफ़ द मैच नहीं आंके गए.
रिपोर्टः पीटीआई/ए जमाल











