ख़ास ख़बर | 21.03.2010
स्वास्थ्य बिल पर वोटिंग, ओबामा के लिए चुनौती
एक वर्ष के तीखे विवाद, दलगत राजनीति और एक के बाद एक अनगिनत बाधाओं के बाद कांग्रेस के निचले सदन के सदस्य रविवार को अमेरिका की स्वास्थ्य सेवा में सुधार के एक ऐतिहासिक विधेयक पर वोट डालने वाले हैं. राष्ट्रपति ओबामा और उनकी डेमोक्रेटिक पार्टी की बात मानें तो उन्हें जीत पहुंच के अंदर दिखाई दे रही है. लेकिन ज़रूरी 216 वोट जुटा पाना अभी भी निश्चित नहीं जान पड़ रहा है.
Bildunterschrift: Großansicht des Bildes mit der Bildunterschrift:
रिपब्लिकन पार्टी इस विधेयक का लगातार विरोध करती रही है, लेकिन डेमोक्रेटों की चिंता को बढ़ाने वाला कारण रहा है अधिकतर जनमत संग्रहों में सामने आया बड़े स्तर पर विधेयक का विरोध. एक कारण है, प्रस्तावित सुधार पर आने वाला भारी ख़र्च और अनेक लोगों की यह चिंता कि अधिक सरकारी नियंत्रण के तहत उनकी मौजूदा स्वास्थ्य सेवा सुविधाएं कम हो सकती हैं. देश के कई रूढ़िवादी क्षेत्रों में गर्भपात के लिए संभावित सरकारी सहायता को लेकर सरोकार मौजूद हैं.
स्थिति यह है कि स्वयं ओबामा की डेमोक्रेटिक पार्टी के अनेक सदस्य विधेयक के वर्तमान रूप के पक्ष में नहीं हैं. विधेयक के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से शनिवार को ओबामा ने कैपिटल हिल जाकर कांग्रेस के डेमोक्रेटों से इस मामले में राजनीति से हटकर सोचने की अपील की है.
ओबामा ने कहा, "इस समय ऐसे मध्यवर्गीय अमेरिकी हैं, जिनके पास मेडिकेयर और मेडिकेड की सुविधा नहीं है , रोज़गारदाताओं पर आधारित स्वास्थ्यबीमा प्रणाली के टांके उधड़ रहे हैं. वे बुरे हालात के शिकार हो रहे हैं. सवाल यह है कि क्या हम उनके प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखेंगे."
ख़बरों के मुताबिक़, अब तक 32 डेमोक्रेट कह चुके हैं कि वह विधेयक के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे. अगर कुल मिलाकर 38 डेमोक्रेट उसका विरोध करते हैं तो विधेयक असफल हो सकता है और यह बात ओबामा और डेमोक्रेटों के लिए राजनीतिक स्तर पर भारी मुश्किलें पैदा कर सकती है.
विशेष रूप से इस तथ्य की रोशनी में कि नवम्बर में कांग्रेस के चुनाव होना तय हैं. डेमोक्रेटों की प्रधानता वाले मैसाच्युसेट्स राज्य से हाल में एक रिपब्लिकन सीनेटर का चुना जाना ओबामा की पार्टी के मनोबल के लिए अनुकूल नहीं रहा है.
रिपोर्ट: गुलशन मधुर, वॉशिंगटन
संपादन: एस गौड़
























