1. कंटेंट
  2. नेविगेशन
  3. और जानकारी
  4. मेटानेविगेशन
  5. खोजें
  6. 30 भाषाओं से चुनें


 

 | 30.07.2010 | 08:00 UTC

संसद की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित

भारत में संसद का काम लगातार पांचवें दिन नहीं हो पाया और संसद की कार्यवाही अगले हफ्ते तक के लिए टाल दी गई. महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सदन के अंदर हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद कार्यवाही को पहले 12 बजे दोपहर तक और फिर सोमवार तक के लिए टालना पड़ा. संसद के मॉनसून सत्र का पहला हफ्ता बिना किसी काम काज के खत्म हो गया. कई आर्थिक मुद्दों सहित महत्वपूर्ण विषयों पर बहस नहीं हो पाई. बीजेपी और वामपंथी दलों का आरोप है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली भारत सरकार बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए कुछ खास कदम नहीं उठा रही है. बीजेपी और लेफ्ट पार्टियां इस बार की यूपीए सरकार का मिल कर विरोध कर रही हैं और उन्होंने एक साथ पांच जुलाई को विशाल भारत बंद भी मिल कर किया था. लेकिन गुरुवार को दोनों विपक्षी पार्टियों में हल्की से दरार दिखाई दी. बीजेपी ने महंगाई के खिलाफ राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा लेकिन लेफ्ट पार्टियों ने उनका साथ नहीं दिया. अगले हफ्ते महंगाई के मुद्दे पर सदन में चर्चा होने की संभावना है.

पाकिस्तान में बाढ़ का कहर

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान में तीन दिन से भारी बारिश से आई बाढ़ के कारण तीन दिन में दो सौ के करीब लोग मारे गए हैं. बाढ़ का सबसे ज्यादा प्रभाव उत्तर पश्चिमी प्रांत में पड़ा है जहां मॉनसून ने कहर बरपा रखा है. कई लोग लापता हैं. पाकिस्तानी हिस्से वाले कश्मीर के मुख्यमंत्री अतीक़ ख़ान का कहना है कि वहां बाढ़ से 22 लोगों की मौत हुई है. 

91 हजार दस्तावेजों के लीक होने की जांच करेगी एफबीआई

अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने अफगानिस्तान में लड़ाई से जुड़े 91 हजार दस्तावेजों के लीक होने के मामले की जांच का आदेश दिया है. जांच में मदद के लिए गेट्स ने एफबीआई से मदद के लिए कहा है. गेट्स का कहना है कि इन दस्तावेजों के लीक होने से दुश्मन को पता चल सकता है कि अमेरिका खुफिया जानकारी कैसे जुटाता है और उसकी रणनीति क्या है. विकीलीक्स साइट पर लीक हुए इन दस्तावेजों के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अफगानिस्तान में तालिबान चरमपंथियों की मदद कर रही है. अफगानिस्तान में नैटो मिशन ने अफगानिस्तान अफगानिस्तान से जुड़ी खुफिया दस्तावेजों के लीक होने की कड़ी आलोचना की है. जर्मनी के ब्रिगेडियर जनरल योसेफ प्लॉट्ज ने कहा कि लीक के चलते आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है.

फ्रांस में आठ बच्चों की हत्या का इल्जाम मां ने कबूला

फ्रांस में अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा है कि एक महिला ने अपने आठ नवजात बच्चों की हत्या के आरोप को स्वीकार कर लिया है. राजधानी पेरिस से करीब 150 किलोमीटर दूर विलिर्स ओटेत्रे गांव में दोमिनिक कोट्रेज नामकी महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने बच्चों को गला घोंट कर मार डाला क्योंकि वह और बच्चे नहीं चाहती थी. बच्चों के शव बगीचे और घर के तहखाने में छिपा दिए गए थे. हाल ही में बगीचे की खुदाई के बाद इस अपराध का पता चला. महिला के पति पर भी अपराध छिपाने और शवों के बारे में जानकारी न देने के आरोप लगाए गए लेकिन अब पति को रिहा कर दिया गया है.

कैमरन बेपरवाह, पाक से आतंकी गुटों का खात्मा करने के लिए कहा

आतंकवाद के निर्यात पर पाकिस्तान की कड़ी प्रतिक्रिया से बेपरवाह डेविड कैमरन ने कहा है कि पाकिस्तान में लश्कर ए तैयबा जैसे गुटों की मौजूदगी बर्दाश्त से बाहर. भारत में आतंकवाद खत्म करने के लिए इन गुटों का सफाया करने के लिए कहा. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विचारों का समर्थन किया है. मनमोहन सिंह ने विश्व समुदाय से पाकिस्तान पर जोर डालने की अपील की है कि वह भारत के खिलाफ आतंकवाद का खात्मा करने का अपना वायदा निभाए. मुलाकात के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने पाकिस्तान से पनप रहे आतंकवाद पर चिंता जाहिर की और अफगानिस्तान में हालात पर भी बातचीत हुई. भारत और पाक विदेश मंत्रियों के बीच हुई बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में शाह महमूद कुरैशी के बर्ताव पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंगुली उठाई. मनमोहन ने कहा, जैसा बर्ताव कुरैशी ने किया उससे बचा जा सकता था.

अरब लीग ने मध्य पूर्व विवाद पर सीधी बातचीत का समर्थन किया

काहिरा में बैठक कर रहे अरब लीग अधिकारी मध्य पूर्व समस्या पर सीधे तौर पर बातचीत के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गए हैं. हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय फलीस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष महमूद अब्बास पर ही छोड़ा गया है. वही इस बात का फैसला करेंगे कि इस्राएल के साथ वार्ता कब शुरू करनी है. येरुशलम में इस्राएली प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतनयाहू की ओर से एक बयान जारी हुआ है जिसमें कहा गया है कि अरब लीग बैठक के नतीजे के बाद वह भी सीधे तौर पर वार्ता के लिए तैयार हैं. इस्राएल के मुताबिक नेतनयाहू अगले कुछ दिनों में खुले मन से वार्ता करना चाहते हैं.

कांगो: नाव दुर्घटना में 140 लोगों की जान गई

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में एक नाव के डूब जाने से कम से कम 140 यात्रियों की मौत हो गई है. यह दुर्घटना पश्चिमी प्रांत बंदुंदु में कसाय नदी में हुई. सूचना मंत्री लैम्बर्ट मेंडे ने मीडिया को बताया है कि नाव पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. दशकों से संघर्ष में झुलस रहे कांगो में सड़क या रेल यातायत की सुविधा कम है और लोग आमतौर पर यात्रा के लिए नावों को सहारा लेते हैं. पिछले साल नवम्बर में बंदुंदु प्रांत में ही एक नाव के डूब जाने से कम से कम 73 लोगों की मौत हो गई थी.

विदेश से जर्मनी आकर काम करने वालों को बढ़ावा मिलेगा

जर्मनी में आर्थिक मामलों के मंत्री रेनर ब्रुडर्ले ने कहा है कि वह विदेश से बड़ी संख्या कुशल श्रमिकों को बुलाना चाहते हैं. दैनिक अखबार हैंडल्सब्लाट को उन्होंने बताया कि वह एक ऐसी योजना की तैयारियों में जुटे हैं जिसके तहत जर्मनी में दक्ष श्रमिकों की मांग और आपूर्ति में बढ़ती खाई को दूर किया जा सकेगा. ब्रुडर्ले ने कहा कि वह चाहेंगे कि जर्मनी ऐसे लोगों को बोनस दे जो अपने कौशल के साथ जर्मनी आना चाहते हैं. उनका कहना है कि जर्मन बाजा में दक्षता प्राप्त श्रमिकों की संख्या में कमी एक बड़ी समस्या बन सकती है.

जर्मनी में बेरोजगारों की संख्या बढ़ने के बावजूद अर्थव्यवस्था बेहतरी की ओर

जर्मनी की संघीय श्रमिक एजेंसी ने कहा है कि देश में बेरोजगारी की दर बढ़ कर 7.6 हो गई है. जून में यह दर 7.5 फीसदी था. एजेंसी के मुताबिक देश में 30 लाख से ज्यादा लोग बेरोजगार हैं और इस महीने 39 हजार लोग बेरोजगार हुए हैं. बेरोजगारों की संख्या में बढ़ोत्तरी के बावजूद फेडरल लेबर एजेंसी प्रमुख फ्रांत्ज यूर्गेन वाइस ने कहा है कि जर्मन अर्थव्यवस्था उबर रही है और श्रम बाजार में स्थिति सुधर रही है. इस हफ्ते एक अहम सर्वे में अनुमान जताया गया है कि जर्मनी में उपभोक्ताओं का विश्वास आने वाले दिनों में बढ़ेगा जो श्रम बाजार में सुधार का नतीजा है.

ग्रीस में हड़ताली ट्रक ड्राइवरों और पुलिस में झड़प

एथेंस में हड़ताल कर रहे सैकडों ट्रक ड्राइवरों की पुलिस से झड़पे हुई हैं. सरकार ने आपातकालीन आदेश जारी कहते हुए उन्हें जबरदस्ती काम पर लौटने का निर्देश दिया है जिससे ट्रक ड्राइवर नाराज हैं. सरकार ने चेतावनी दी है कि अगर ट्रक ड्राइवर काम पर नहीं लौटे तो उनका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा. झड़पें तब हुई जब परिवहन मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. सरकार ने ड्राइवरों के लिए लाइसेंस फीस कम करने का फैसला किया है लेकिन ड्राइवर इस बात से नाराज हैं क्योंकि उन्होंने ज्यादा फीस देकर लाइसेंस हासिल किया है.



  • डॉयचे वेले बाहरी वेबसाइट की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.